ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने सोमवार को वीसी के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यो को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए।

चमोली:- अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पिछले तीन माह में जिन स्थानों पर वाहन दुर्घटना हुई है वहां पर क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर, साइनेज लगाने के साथ ही सड़क सुधारीकरण के सभी कार्य सुनिश्चित किए जाए। बरसात के कारण सड़कों पर पडे गढडों को तत्काल पैच वर्क करके ठीक कराया जाए। सड़क निर्माणदायी संस्थाएं अपनी सड़कों का रेग्यूलर निरीक्षण करें। सुरक्षित यातायात के लिए संकरे मार्ग, भूस्खलन क्षेत्र एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर व साइनेज लगाए जाए। सेफ्टी के अन्तर्गत चिन्हित ब्लैक स्पॉटों का सुधारीकरण हेतु अवशेष कार्यो को तत्काल पूरा किया जाए। संयुक्त निरीक्षण में सड़क दुर्घटनाओं के जो कारण सामने आए है उनका शीघ्र समाधान किया जाए। रोड़ सेफ्टी आडिट के अवशेष कार्यो को भी जल्द से जल्द पूरा करें।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि एसडीएम, पुलिस एवं परिवहन विभाग अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग करते हुए चालान की कार्रवाई की जाए। इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की जानकारी लेते हुए घायलों के उपचार हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कर्णप्रयाग अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार न मिलने के एक मामले में उन्होंने अस्पताल प्रशासन से स्पष्टीकरण भी तलब किया।

बैठक में बताया गया कि मई, जून और जुलाई माह में 15 सड़क दुर्घटनाएं हुई है। जिसमें 13 लोगों की मृत्यु और 29 लोग घायल हुए है। पुलिस विभाग द्वारा मई से लेकर अब तक 6007 वाहनों के चालान और 71 वाहन सीज किए गए तथा 38.02 लाख की जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग द्वारा 1206 वाहनों का चालान किया गया।

बैठक में लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान, सीओ पुलिस प्रमोद शाह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ज्योति शंकर मिश्र सहित वर्चुअल माध्यम से सभी एसडीएम एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, बीआरओ के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!