चमोली:- हरेला पर्व इस बार चमोली में 1.30 लाख पेड़ लगाने का रखा लक्ष्य। WWW.JANSWAR.COM

हरेला पर्व इस बार चमोली में 1.30 लाख पेड़ लगाने का रखा लक्ष्य।
चमोली:- पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित लोकपर्व हरेला के अवसर पर पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू किया गया। वन प्रभाग के तत्वाधान में राजकीय पॉलिटेक्निक रौली ग्वाड़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य विाकस अधिकारी अभिनव शाह सहित जिले तमाम वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हरेला पर्व पर पौधारोपण किया। इस दौरान अखरोट, अनार, चूरा, हरड़, वहेडा, चंदन आदि प्रजाति के फलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। जनपद में सभी वन पंचायतों में भी हरेला पर्व पर पौधारोपण अभियान का आगाज हुआ।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने पूरे जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने हरेला महोत्सव पर सभी से पेड़ लगाने और उनके संरक्षण के लिए संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और इसके विनाशकारी प्रभावों से बचाने और पर्यावरण संतुलन बनाने में पेड़ पौधे मददगार साबित होते है। पौधरोपण से जहॉ एक ओर हमें स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा वही उभरते जल संकट से भी निजात मिलेगी। उन्होंने सबसे अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों, नदी एवं सरोवरों के आसपास वृहद स्तर पर पौधरोपण करते हुए उनका संरक्षण भी किया जाए। ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ओम प्रकाश भट्ट ने कहा कि पयार्वरण संरक्षण में जनपद चमोली ने हमेशा अग्रणी भूमिका रही है। पयार्वरण के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने सबसे हरेला पर्व पर पेड़ लगाने की अपील की।
बद्रीनाथ उप वन संरक्षक सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि सभी विभागों के सहयोग से हरेला पर्व पर पूरे जनपद में 1.30 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वन पंचायत में हरेला पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घेरवाड करके पौधों का संरक्षण भी किया जाएगा। हरेला पर्व पर कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, जल संस्थान, शिक्षा सहित अन्य तमाम विभागों के सहयोग से पूरे जनपद में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम शुरू किया गया है।
हरेला पर्व के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कवयित्री शशि देवली, बाल कवि कार्तिक तिवारी, ने कविताओं के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। वहीं रेखा राणा ने गीत और देवभूमि कला मंच ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। पीस पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इस दौरान राजकीय पॉलिटेक्टिन परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया। हरेला महोत्सव के शुभारंभ के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ताजवर भंडारी, ऊषा रावत, सीमा असवाल सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।