ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

डोईवाला 13 फरवरी 2024:- अब डोईवाला की जनता को अंतिम संस्कार के लिए दिक्कतें पैदा नहीं होंगी। नगर पालिका परिषद डोईवाला की ओर से शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल को स्थायी शवदाह गृह बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर मंत्री अग्रवाल ने एक करोड़ 23 लाख 16 हजार रूपये की लागत से बनने वाले शवदाह गृह पर अपना अनुमोदन दिया है।

शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि डोईवाला में स्थायी शवदाह गृह नहीं होने से दिक्कतें पैदा होती थी। कहा कि वर्षाकाल के दौरान यह परेशानी अधिक होने के चलते वर्षों से स्थायी शवदाह गृह की मांग लगातार की जा रही थी। डा. अग्रवाल ने बताया कि उनका गृहक्षेत्र भी डोईवाला होने से यह आवश्यकता उन्हें भी महसूस हुई है।

डा. अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका परिषद डोईवाला की ओर से शवदाह गृह के निर्माण को प्रस्ताव भेजा गया। जिसे अति आवश्यक पाते हुए उन्होंने अपना अनुमोदन प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि यह शवदाह गृह डोईवाला-ऋषिकेश के मार्ग के समीप सौंग नदी के बायीं ओर बनाया जाएगा।

डा. अग्रवाल ने बताया कि शवदाह गृह के लिए 01 करोड़ 23 लाख 16 हजार रूपये पर उनकी ओर से स्वीकृति दी गई है। बताया कि जल्द ही जीओ जारी कर इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जिससे डोईवाला की जनता को इस बड़ी परेशानी से निजात मिल सकेगी और शव का अंतिम संस्कार सुरक्षात्मक तरीके से हो सकेगा।

डा. अग्रवाल ने बताया कि 123.16 लाख की लागत से बनने वाले शवदाह गृह में लकड़ी का गोदाम, प्रतीक्षालय, केयर टेकर रूम, शौचालय, चार अंतिम संस्कार के लिए चिमनीनुमा शेड, अंतिम संस्कार पूजा स्थल, पाथवे का निर्माण आदि किया जाएगा।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!