(अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर)

  • मुख्यमंत्री ने दिए सभी जिलाधिकारियों को नमक गुणवत्ता जांच के निर्देश।
  • जिलाधिकारी के निर्देश पर सस्ते गल्ले की दुकानों में नमक की सख़्त जांच।

पौड़ी- प्रदेश में विगत कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में वितरित किए जा रहे नमक में मिलावट संबंधी वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को उपलब्ध कराया जा रहा खाद्य सामग्री पूरी तरह सुरक्षित और मानक के अनुरूप हो। उनके आदेशों के क्रम में जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व विभाग, पूर्ति विभाग और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने जनपद की सभी तहसीलों की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान सस्ते गल्ले की दुकानों से दिए जाने वाले नमक की गुणवत्ता जांची गई। दुकानों में रखे नमक के पैकेटों की सैंपलिंग की गई, जिन्हें जांच के लिए रुद्रपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला में भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों एवं उप निरीक्षकों द्वारा दुकानों में अन्य खाद्यान्न सामग्रियों की उपलब्धता और गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नमक की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक एहतियात बरती जाए। उन्होंने नमक के रख-रखाव और उचित हैंडलिंग के संबंध में भी निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं तक केवल उच्च गुणवत्ता वाले आयोडाइज्ड नमक ही पहुंचेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!