रुद्रप्रयाग:-जिलाधिकारी सौरभ गहरवार और अधिकारी-कर्मचारियों के पौधों का रोपण। WWW.JANSWAR.COM

A.raturi.Janswar.Com

हरेला पर्व के अवसर पर वन विभाग के प्रयास: एक कदम स्वच्छता की ओर।

रुद्रप्रयाग:- पर्यावरण को समर्पित हरेला पर्व के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिलाधिकारी सौरभ गहरवार, मैती आंदोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. जीएस खाती सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने रुद्रप्रयाग बाईपास के जवाड़ी पार्क एवं वन विभाग के दफ्तर के समीप में पौधों का रोपण किया और जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं व बधाई दी।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मैती आंदोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने भी सभी को हरेला पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिन प्रतिदिन भू-जल स्तर कम होता जा रहा है वह एक चिंता का विषय है इसलिए हमें पानी, पर्यावरण को बचाना होगा जिसके लिए अधिक से अधिक पौधे रोपित करने की आवश्यकता है जिससे आने वाली पीढ़ी को पानी व आक्सीजन की कमी से जूझना न पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को समर्पित भाव से प्रकृति संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ना होगा और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध पर्यावरण मिले, इसके लिए पर्यावरण संरक्षण में सभी की जिम्मेदारी सुनिश्चित हो। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए स्कूली छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए पौधारोपण एवं पेड़ों के संरक्षण की महत्ता पर सवाल-जवाब भी किए। प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले छात्रों को जिलाधिकारी ने पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने पौधारोपण कार्यक्रम में कहा कि हमें प्रकृति को संजो कर रखना चाहिए क्योंकि प्रकृति से ही हमारा जीवन सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हमें दृढ़ संकल्प लेना होगा कि जो पौधे लगाए हैं, उनकी देख-रेख एवं संरक्षण करना हमारा दायित्व है।
प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि हरेला पर्व पर प्रतिवर्ष वन विभाग द्वारा हरेला महोत्सव मनाया जाता है। इस दौरान वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाता है। साथ ही विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों व अन्य माध्यमों से भी अधिक से अधिक पौधे वितरित किए जाते हैं ताकि मानसून अवधि में पौधे रोपित कर पर्यावरण को संरक्षित किया जा सके।
कार्यक्रम में हिमालय रचनात्मक जन कल्याण समिति द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के सहयोग से हरेला एवं पर्यावरण संरक्षण पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कवि ओमप्रकाश सेमवाल द्वारा सफल मंच संचालन किया गया।
इस दौरान परियोजना निदेशक विमल कुमार, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, उप प्रभागीय वन अधिकारी विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।