ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

राजभवन में राज्यपाल से ‘‘राष्ट्रीय एकता यात्रा’’ पर आए सिक्किम विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भेंट की।

राजभवन देहरादून:- सोमवार को राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से ‘‘राष्ट्रीय एकता यात्रा’’ पर आए सिक्किम विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भेंट की। भारतीय सेना के ‘‘ऑपरेशन सद्भावना’’ के अंतर्गत आयोजित इस यात्रा में सिक्किम विश्वविद्यालय के 1 शिक्षक के साथ 17 छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जो पहली बार सिक्किम से बाहर निकलकर देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), मसूरी और ऋषिकेश सहित उत्तराखण्ड के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तराखण्ड की संस्कृति, विकास, तकनीकी और आर्थिक प्रगति का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है।

111 सब एरिया, 33 कोर हेडक्वार्टर, इस्टर्न कमांड द्वारा आयोजित इस यात्रा का नेतृत्व मेजर सुरजन सिंह कर रहे हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी बच्चों से संवाद किया और उन्हें अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज के नए भारत में आप सभी के लिए अपार संभावनाएँ और अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने 2047 के विकसित भारत संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि सिक्किम और उत्तराखण्ड दोनों ही हिमालयी राज्य हैं, जिनकी पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में एक अहम भूमिका है। ऐसे कार्यक्रम राज्यों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थानों का प्रत्यक्ष अनुभव और ज्ञान प्राप्त होगा, जो उन्हें जीवन में नई दिशा देगा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!