(अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर)

नगर निकाय चुनाव: शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान के लिए पर्यवेक्षक युक्ता मिश्रा ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा.

रुद्रप्रयाग:-  राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिका रुद्रप्रयाग, नगर पंचायत तिलवाड़ा और नगर पंचायत अगस्त्यमुनि में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव पर्यवेक्षक युक्ता मिश्रा ने मतदान से पूर्व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिला कार्यालय के आईसी कक्ष में युक्ता मिश्रा ने आरओ, एआरओ, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक ली। उन्होंने मतदान की व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए निर्देश दिए। चुनाव पर्यवेक्षक युक्ता मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को मतदान से पहले ही दुरुस्त करने पर जोर दिया।

चुनाव पर्यवेक्षक युक्ता मिश्रा ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से लेकर पोलिंग बूथों तक पहुंचने की सूचना तथा व्यवस्थाओं आदि से संबंधित जानकारी सुनिश्चित करें। साथ ही, निर्वाचन के दिन निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ मतदान कराए जाने के लिए केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रत्याशी की निर्वाचन सामग्री, जैसे पोस्टर, बैनर, पंपलेट आदि का प्रचार न हो, इस संबंध में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन हर छोटी-बड़ी जानकारी आयोग और संबंधित अधिकारियों को भी दी जाए। चुनाव पर्यवेक्षक ने मतदान से पूर्व बूथों के निरीक्षण और सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान आरओ नगर पालिका रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल, नगर पंचायत तिलवाड़ा की आरओ मीनल गुलाटी, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की आरओ श्रीमती अनीता पंवार सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!