(अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर)

जिलाधिकारी ने किया कई मतदान केंद्रों का दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

पौड़ी:- जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया की निगरानी की एवं उपस्थित अधिकारियों व कार्मिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

गुरुवार को जिलाधिकारी ने विकास खण्ड एकेश्वर के पोलिंग बूथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटीसैंण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अमोठा, राजकीय इंटर कॉलेज मेटाकुंड, प्राथमिक विद्यालय बौसालधार और मलेठी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, रैम्प, शौचालय एवं शेड का जायज़ा लिया, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं और महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिये।

उन्होंने बूथों में तैनात कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों से जानकारी लेते हुए निर्देश दिये कि मतदान केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का सख़्ती से पालन करवाया जाये। उन्होंने कहा कि कोई भी अवान्छित व्यक्ति मतदान केंद्र में प्रवेश न करे।

जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को मतदान कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण रूप से संचालित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का पर्व है और इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

इस दौरान तहसीलदार चौबट्टाखाल करिश्मा जोशी, विकास खण्ड अधिकारी एकेश्वर नरेश चंद्र सुयाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!