सभी रेखीय विभाग कार्ययोजना करें तैयार: सीडीओ।

पौड़ी:- राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ को रजत जयंती के रूप में मनाए जाने की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक प्राथमिक बैठक संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि रजत जयंती राज्य की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है, इस अवसर को भव्यता और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित रेखीय विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि रजत जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा। इस क्रम में शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित करने, पर्यटन विभाग को साहसिक खेलों का आयोजन करने, खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने, सेवायोजन विभाग को रोजगार मेले का आयोजन करने, स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य कैम्प लगाने तथा आपदा प्रबंधन विभाग को जिला मुख्यालय सहित तहसील स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को सभी तहसीलों और विकासखण्डों में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि राज्य आंदोलनकारियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में यह भी विचार किया गया कि श्रीनगर में मानव श्रृंखला बनायी जाय। इस संबंध में सभी रेखीय विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संस्थाओं से समन्वय स्थापित करने के लिए उपजिलाधिकारी श्रीनगर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता जल निगम मो. मीसम, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, पीएम स्वजल दीपक रावत, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पौड़ी (नि.) मेजर करन रावत, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी रविन्द्र फोनिया, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित डुबरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!