कांवड़ मेले से पहले मुनिकीरेती-ढालवाला में अभियान तेज, 60 निराश्रित गौवंश भेजे गए गौशाला। WWW.JANSWAR.COM

यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पालिका की कार्रवाई, अभियान लगातार जारी।

मुनिकीरेती। आगामी कांवड़ मेले के मद्देनजर क्षेत्र में निराश्रित पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं को रोकने के लिए नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार तक पालिका की ओर से 60 निराश्रित गौवंशों को पकड़कर देहरादून स्थित गौशाला भेजा जा चुका है।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को भी मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती के नेतृत्व में पालिका टीम ने रामझूला और ढालवाला क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान कैटल कैचर की सहायता से सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंशों को पकड़कर गौशाला भेजा गया।

अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने बताया कि आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर पालिका प्रतिदिन अभियान चलाकर निराश्रित गौवंशों को पकड़ रही है और उन्हें देहरादून स्थित गौशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे शीघ्र ही नगर क्षेत्र को निराश्रित गौवंशों से होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।