अस्पताल की जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत। WWW.JANSWAR.COM

चमोली में दर्दनाक हादसा: अस्पताल की जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत।

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि अचानक कमजोर हो चुकी दीवार ढह गई और वे मलबे के नीचे दब गए।

घटना के बाद अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

इस दुखद घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल की जर्जर दीवार की समय रहते मरम्मत नहीं किए जाने पर गंभीर सवाल उठाए हैं और मामले की जांच के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।