6 माह से फरार चल रहा था आरोपी, पुलिस से बचने के लिए लगातार बदल रहा था ठिकाना; एसएसपी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने दबोचा।
डोईवाला/देहरादून:- देहरादून की डोईवाला पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विगत 06 माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पोक्सो एक्ट में वांछित था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी के लगातार फरार रहने पर एसएसपी देहरादून द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आपको बता दें कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु वर्तमान में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के साथ-साथ वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देशों के क्रम में कोतवाली डोईवाला पर गंभीर धाराओं में पंजीकृत मु0अ0सं0-326/2025, धारा 137(2), 65(1) बीएनएस तथा धारा 5 पोक्सो एक्ट (बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम) के तहत दर्ज अभियोग में डोईवाला निवासी एक व्यक्ति द्वारा दिनांक 15-12-2025 को तहरीर दी गई थी कि उनके पड़ोस में किराये पर रहने वाले कैलाश नामक व्यक्ति ने उनकी नाबालिग पुत्री, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने सुरागरसी एवं पतारसी करते हुए अभियुक्त के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। लगातार फरार रहने पर एसएसपी देहरादून द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
लगातार सुरागरसी, पतारसी तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम को अभियुक्त के अलीपुर इब्राहिमपुर, हरिद्वार में होने की सूचना मिली। इस पर कोतवाली डोईवाला एवं एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने 12 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त कैलाश को ओम पैकेजिंग फैक्ट्री के पास, अलीपुर, हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।
