कारगिल विजय दिवस: पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद मनीष थापा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज कारगिल दिवस के अवसर पर रेलवे रोड स्थित शहीद मनीष थापा स्मारक पर पहुंचकर देश की रक्षा के लिए कारगिल युद्ध मे अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद मनीष थापा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ शहीद मनीष थापा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शहीद मनीष थापा जैसे वीर सपूतों के बलिदान से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और हम सभी नागरिक सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है और उनकी वीरता एवं त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने शहीद मनीष थापा के भाई मनोज थापा को शॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश सदैव शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है और उनके सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी शहीद मनीष थापा के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, महामंत्री नितिन सक्सेना, दीपक बिष्ट, पूर्व सैनिक राम सिंह पंवार, चेतन शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, पूर्व सैनिक बृजमोहन मनोरी, चंदू यादव, संजीव पाल, सोनू पांडे, महिला मोर्चा अध्यक्ष निवेदिता सरकार, दुर्गा जिंदल, सुधा असवाल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
