मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक के ऊपर चढ़ा दी थी थार, सियाज कार को भी मारी टक्कर।

रायवाला। मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक को थार से कुचलने का प्रयास करने के मामले में रायवाला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार कार भी बरामद कर ली है। आरोपी घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए मेरठ में रिश्तेदारी में चला गया था और 19 अगस्त को ऋषिकेश कोर्ट में सरेंडर करने आ रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को प्राची शर्मा पत्नी सुनील शर्मा निवासी कनखल, हरिद्वार ने रायवाला थाने में तहरीर दी थी। बताया कि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय जौलीग्रांट की बस यूके-07-पीए-6552 विद्यार्थियों और दो महिला स्टाफ को लेकर हरिद्वार जा रही थी। नेपाली फार्म के पास एक काले रंग की थार बस के आगे-पीछे चलने लगी। मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक ने थार रोककर चालक से इस तरह पीछा करने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी दौरान थार चालक ने गुस्से में वाहन आगे बढ़ाकर बस चालक को कुचलने का प्रयास किया। बस चालक को कुछ दूर तक घसीटने से उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद थार ने आगे चल रही मारुति सियाज कार यूके-15-5223 को भी टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मामले में रायवाला कोतवाली में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मेरठ और दिल्ली में दबिश

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायवाला पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी और थार की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ मेरठ और दिल्ली में भी दबिश दी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी ऋषिकेश कोर्ट में सरेंडर करने के लिए आ रहा है। पुलिस ने 19 अगस्त को गुरु नानक ढाबा, बहादराबाद तिराहा के पास से आरोपी देव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर थार कार यूके-06-बीडी-0070 बरामद की गई।

परिचित लड़की को देखकर बस का करने लगा पीछा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि थार उसके पिता के दोस्त संदीप कुमार के नाम पंजीकृत है और वह वर्ष 2022 से इसे चला रहा है। 13 अगस्त को वह अपने दोस्त मानव चौहान के साथ नेपाली फार्म के पास था। वहां जौलीग्रांट कॉलेज की बस दिखाई दी, जिसमें एक परिचित लड़की थी। इसके बाद वह थार से बस के आगे-पीछे चलने लगा। मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस रुकने के बाद बस में सवार कुछ लोग नीचे उतरकर उससे चिल्लाकर बात करने लगे। आरोपी के अनुसार, वह तैश में आ गया और उसने थार उनके ऊपर चढ़ा दी। इसी दौरान आगे चल रही सियाज कार को भी टक्कर लग गई।

घटना के बाद वह थार लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने थार अपने घर न्यू शिवालिक नगर में खड़ी की और गिरफ्तारी से बचने के लिए मेरठ स्थित रिश्तेदारी में चला गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव चौधरी पुत्र गुड्डू चौधरी उर्फ विकास चौधरी, निवासी गली नंबर-7, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, न्यू शिवालिक नगर, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। उसकी उम्र 20 वर्ष बताई गई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुबीर कपरवान, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!