मुनिकीरेती-ढालवाला में 142 करोड़ से बिछेगा सीवर नेटवर्क, स्काई लिफ्ट और इको पार्क भी होंगे विकसित।WWW.JANSWAR.COM

कुंभ से पहले स्मार्ट होगा मुनिकीरेती-ढालवाला, विकास योजनाओं को लेकर पालिका ने कसी कमर।

मुनिकीरेती:-  नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र को स्मार्ट बनाने की कवायद अब परवान चढ़ती नजर आने लगी है। इसके तहत आगामी कुंभ से पूर्व पालिका क्षेत्र में कई मुख्य योजनाओं और विकास कार्यों को संपादित किया जाएगा। बुधवार को इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

निकाय सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने निकाय क्षेत्र में संपादित होने वाले विकास कार्यों के लिए सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी सामंजस्य और जनसुविधा के दृष्टिगत कार्य करने के लिए कहा।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसी माह पालिका क्षेत्र में 33 केवी की भूमिगत लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद विद्युत पोलों को हटाने का कार्य भी किया जाएगा। इस पर पालिकाध्यक्ष ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जनसुविधा के दृष्टिगत प्रतिदिन जितनी खुदाई हो, उतना ही भरान करने के निर्देश दिए।

सीवर मेनहोलों के सड़क से नीचे होने पर पालिकाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इसके कारण आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने सीवर विभाग के अधिकारियों को शीघ्र समस्त निकाय क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मेनहोलों को दुरुस्त करने और सड़क से नीचे बने मेनहोलों को सही करने के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में जल निकासी के अधिकांश कार्य किए जा चुके हैं। गंगा रिजार्ट से पशुपालन विभाग तक और सुमन पार्क ढालवाला के समीप जल निकासी के कार्य कुंभ से पूर्व संपादित किए जाएंगे।

बैठक में एई सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, जेई एनएच श्रीनगर संदीप, एसडीओ मुनिकीरेती एमएस नेगी, जेई यूपीसीएल देवेश अवस्थी, पंकज काला, जेई जल संस्थान प्रमोद हटवाल एवं उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अधिकारी उपस्थित थे।

सीवर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा हर घर:- बैठक में यूयूएसडीए के अधिकारियों ने बताया कि 142 करोड़ रुपये की लागत से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में सीवर का नेटवर्क बिछाया जाएगा। इसके तहत छह जोन से प्रत्येक घर को सीवर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाना है।

स्काई लिफ्ट से पर्यटक पहुंचेंगे रामझूला:- बैठक में यूयूएसडीए के अधिकारियों ने पार्किंग से रामझूला पुल पहुंचने के लिए स्काई लिफ्ट की योजना से अवगत कराया। बताया कि इस योजना के तहत कुट्टी माता पार्किंग का रिमॉडलिंग किया जाएगा। पार्किंग में आवागमन, एंट्री और एग्जिट के लिए बेहतर सुविधा होगी। पार्किंग में कई प्रकार की पब्लिक फैसिलिटी भी उपलब्ध रहेंगी।

साथ ही पार्किंग से रामझूला पहुंचने के लिए स्काई लिफ्ट की सुविधा होगी। इसके बाद पैदल मार्ग की सहायता से पुल पर पहुंचा जा सकेगा।

बनेगा इको पार्क:- बैठक में यूयूएसडीए के अधिकारियों ने बताया कि सुमन पार्क ढालवाला को इको पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत पार्क में पार्किंग, खाने, जॉगिंग ट्रैक, योगा पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इस दौरान अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने इको पार्क में जुरासिक पार्क की तरह क्रिएटिविटी करने का सुझाव दिया।

अपग्रेड होगा ढालवाला ब्रिज:- कई वर्षों से ढालवाला बाईपास में चंद्रभागा नदी पर बने मोटर पुल को ध्वस्त कर नया मोटर पुल बनाने का कार्य किया जाएगा। यूयूएसडीए के अधिकारियों ने बताया कि कई बार चंद्रभागा नदी में बाढ़ आने के कारण पानी का फ्लो पुल के ऊपर से होता है, जिस कारण यह मोटर पुल कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है और संकरा भी है।

बताया गया कि इस पुल के समीप नया एलिवेटेड पुल बनाया जाएगा, जिसके बाद पुराने पुल को ध्वस्त किया जाएगा।