ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी, सीसीटीवी रिकॉर्ड भी किए चेक।।WWW.JANSWAR.COM

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया त्रैमासिक निरीक्षण, विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों की भी ली जानकारी।

पौड़ी:- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की डबल लॉक प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था तथा सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती समेत सुरक्षा के विभिन्न मानकों की बारीकी से जांच की। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता के साथ ही उनके रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया, जिन्हें उचित पाया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय क्रियाशील रहें तथा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल द्वारा सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए।

उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता भी परखी और निर्देश दिए कि अग्निशमन यंत्रों का समय-समय पर परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, डबल लॉक प्रणाली और वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, अधिशासी अभियंता लोनिवि रीना नेगी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भाजपा से राजेन्द्र सिंह रावत, कांग्रेस से मनमोहन सिंह रावत तथा भाकपा से सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे।