टिहरी :- जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विपणन अवसंरचना एवं कृषि अवसंरचना कोष (AIF) के अभिसरण से पैक्स हेतु अन्न भंडारण योजना के तहत चयनित समितियों एवं भंडारण निर्माण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

बैठक में सहायक निबंधक (कोऑपरेटिव) पान सिंह राणा द्वारा अवगत कराया गया कि पैक्स हेतु अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत जनपद की विभिन्न समितियों का चयन किया गया है, जिनमें मंजगांव, म्याणी, ढालवाला, कमांद एवं कोड़ियाला शामिल हैं।

बैठक में एमपैक्स कोड़ियाला के पोर्ट ट्रेडिंग स्थल परिवर्तन के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि पूर्व स्थल पर मुख्य सड़क मार्ग से प्रस्तावित गोदाम तक लगभग 20 मीटर के ट्रैक पर आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध नहीं था। इसके दृष्टिगत ग्राम पंचायत नाई में स्थल का चयन किया गया है, जो स्थल चयन समिति के कार्यक्षेत्र के केंद्र बिंदुओं में है तथा मुख्य मार्ग से भी जुड़ा हुआ है। संबंधित स्थल का निरीक्षण किए जाने की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थल निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही एसडीएम नरेंद्रनगर को भी स्थल का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद में कुल पांच जन औषधि केंद्र खोले जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए मलेथा, चंबा, मुखेम, चामाकेमर एवं ढालवाला में केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें से चार जन औषधि केंद्रों को प्रारंभिक एवं सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वहीं मलेथा, चंबा एवं ढालवाला के जन औषधि केंद्रों को ड्रग लाइसेंस एवं स्टोर कोड भी प्राप्त हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र मलेथा में 1,44329.00 रुपये की दवाइयाँ खरीदी गईं तथा 1,21702.00 रुपये मूल्य की दवाइयाँ बेची गईं।

मेडिकल क्षेत्र के अंतर्गत सीएससी केंद्रों में व्यवसाय वृद्धि के लिए की जा रही व्यवस्थाओं एवं प्रयासों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा सेवाओं को बेहतर बनाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र नेगी, डीडीओ मो. असलम, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी आदि संबंधित उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!