देहरादून :- देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम में धोखा मिलने से नाराज एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी की हत्या की साजिश रची और पांच लाख रुपये में शूटर को सुपारी दी। वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर को एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे।

मामला 8 सितंबर का है, जब बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर फायरिंग की गई थी। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी महिला पिछले करीब पांच साल से सत्यम के संपर्क में थी। इसी दौरान सत्यम की दूसरी युवती से सगाई हो गई और दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज महिला ने सत्यम की हत्या की साजिश रची।

साजिश के तहत महिला ने शूटर अंकित चौहान को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। सौदे के तहत उसे एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। इसके बाद 8 सितंबर को बड़ोवाला में सत्यम पर गोली चलाई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। 11 सितंबर की रात पुलिस की शूटरों से मुठभेड़ हुई, जिसमें अंकित चौहान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। घायल शूटर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अब पूरे मामले में हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!