प्रतिनिधिमंडलों ने प्रदेश के विकास, उच्च शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के क्षेत्र में राज्यपाल की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ संवाद और उनके अनुभवों से प्रेरणा मिली है। प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव, विभिन्न संस्थानों को प्रोत्साहित करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश की देवतुल्य जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का जो स्नेह, सहयोग और विश्वास मिला, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। सभी के साथ मिलकर प्रदेश के विकास, शिक्षा, नवाचार और जनकल्याण के लिए कार्य करने का अवसर उनके लिए गौरव का विषय रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, यहां के लोगों की आत्मीयता और देवभूमि के प्रति उनका जुड़ाव सदैव बना रहेगा।
राज्यपाल से भेंट करने वालों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी और खजान दास, सूचना का अधिकार आयोग की अध्यक्ष राधा रतूड़ी, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित अनेक प्रतिनिधि शामिल रहे।
