गैस वितरण रोस्टर की समीक्षा कर ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश।
टिहरी:- अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जनपद की गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शत-प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव शिविर आयोजित करने और निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करने को कहा।
गैस एजेंसियों द्वारा किए जा रहे ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा बैठक में एडीएम ने प्रत्येक एजेंसी की प्रगति का अलग-अलग आकलन किया। इस दौरान धीमी प्रगति वाली एजेंसियों को कार्ययोजना तैयार कर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में ऑनलाइन गैस बुकिंग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने एजेंसियों को पिछले छह माह से गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निर्धारित रोस्टर के अनुसार हो गैस वितरण:- गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एडीएम ने निर्देश दिए कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार ही गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाए। संबंधित क्षेत्रों में वितरण की तिथि और समय की सूचना पहले से प्रसारित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी मिल सके। उन्होंने गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
घटतौली और अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई:- एडीएम ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की घटतौली या वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
