मुनि की रेती:- नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला के वार्ड संख्या 6, 14 बीघा में रविवार को भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण एवं वार्ड सभासद श्रीमती बबीता रमोला ने संयुक्त रूप से प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
लोकार्पण के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि प्रवेश द्वार किसी भी क्षेत्र की पहचान और सुंदरता का प्रतीक होते हैं। ऋषिकेश एवं मुनि की रेती की सीमा के प्रारंभिक स्थल पर निर्मित यह प्रवेश द्वार क्षेत्र को नई पहचान प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र की सीमाओं पर आवश्यकतानुसार इसी प्रकार के प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
वहीं, वार्ड सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला ने कहा कि यह भव्य प्रवेश द्वार केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान, गौरव और विकास का प्रतीक है। ऋषिकेश की सीमा से मुनि की रेती में प्रवेश करते ही यह द्वार क्षेत्र की सुंदरता में चार चांद लगाएगा और लोगों को सकारात्मक संदेश देगा।
उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छता, सफाई व्यवस्था और जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वार्ड के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद और समस्त जनप्रतिनिधि प्रतिबद्ध हैं। जनता के सहयोग से क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने प्रवेश द्वार के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे वार्ड के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
