पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर राज्यपाल गुरमीत सिंह लोक भवन से विदा, पीएसी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर।

देहरादून:- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद रविवार को लोक भवन, देहरादून से विदाई ली। इस अवसर पर पीएसी की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ बिताए गए समय और अनुभवों को याद किया।

विदाई के अवसर पर लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राज्यपाल के आगामी जीवन के लिए सुख, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने लोक भवन परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग, समर्पण और टीम भावना के लिए आभार व्यक्त किया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में बिताए गए पांच वर्ष उनके जीवन का विशेष और यादगार समय रहे हैं। इस दौरान उन्हें प्रदेश की जनता के साथ आत्मीय जुड़ाव स्थापित करने और जनसेवा के विभिन्न अवसरों पर कार्य करने का अनुभव प्राप्त हुआ।

‘अनथक युयुत्सा’ पुस्तक का किया विमोचन:- लोक भवन से विदाई से पूर्व आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में राज्यपाल ने अपने जीवन पर आधारित पुस्तक ‘अनथक युयुत्सा’ का विमोचन किया। इस पुस्तक के लेखक प्रोफेसर अधीर यादव हैं।

पुस्तक में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की पंजाब के एक गांव से भारतीय सेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उत्तराखंड के राज्यपाल पद तक पहुंचने की प्रेरक जीवन-यात्रा को दर्शाया गया है। इसमें उनके सैन्य अनुभवों, चुनौतियों और संघर्षों के साथ-साथ राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और साहस को रेखांकित किया गया है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित:-इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, पुस्तक के लेखक प्रोफेसर अधीर यादव सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी तथा लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!