बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है विजयदशमी : मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी एवं दशहरा पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयदशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई तथा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पावन पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति अहंकार से मुक्त होकर सत्य के मार्ग पर चले और प्रदेश एवं देश में सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए मिल-जुलकर कार्य करे। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें यह संदेश भी देता है कि अंततः सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की ही विजय होती है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा उनके आदर्शों पर चलकर जीवन को सार्थक बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा, “धर्म और सत्य की विजय के इस मंगल पर्व पर प्रभु श्रीराम से यही प्रार्थना है कि सब सुखी हों, सबका कल्याण हो तथा हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।”
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि विजयदशमी का यह पावन पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करेगा।
