शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर की पूजा-अर्चना, जौनसारी संस्कृति की दिखी झलक।

विकासनगर (देहरादून):- प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग पहुंचे। यहां उन्होंने शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान वह दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक एवं भव्य क्रीड़ा प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए।

कार्यक्रम का आयोजन टौंस वैली युवा विकास समिति, ग्राम कोटी, खत विशायल की ओर से किया गया। इस अवसर पर सतपाल महाराज ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष विजयादशमी का विशेष महत्व है। सिरमौर और शिमला जिलों की सीमा पर स्थित सराहण एवं चूड़धार से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयादशमी के अवसर पर जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग में आगमन हुआ है।

उन्होंने कहा कि शिरगुल महाराज के दर्शन के लिए उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

महाराज ने कहा कि दशहरा समारोह के दौरान जौनसारी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलती है। स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकनृत्य प्रस्तुत करते हैं। पारंपरिक लोक संस्कृति से जुड़ी ये प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहती हैं।

सिमोग में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने के बाद सतपाल महाराज ने कालसी स्थित जमुना कृष्णधाम हरिपुर में मां यमुना की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया।

इस अवसर पर भीम सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, डॉ. श्याम कुंवर, शांति चौहान, अमित नगी, गीता राम शर्मा, संत राम चौहान, सूरत सिंह चौहान, केशर सिंह चौहान, बीर सिंह चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!