पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही सरकार: मुख्यमंत्री।

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में HNN न्यूज चैनल द्वारा आयोजित ‘उत्तराखण्ड उदय कॉन्क्लेव’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण निर्णयों और प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में विकास की गति तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी:- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार का संकल्प है कि युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

समान नागरिक संहिता महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम:- मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह महिला सशक्तिकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों को कानूनी मजबूती प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनकी आजीविका बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति:- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चारधाम यात्रा में पहुंचे 59 लाख से अधिक श्रद्धालु:- चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखण्ड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास के पथ पर उत्तराखण्ड:- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना देश की एकता, अखंडता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करती है। उत्तराखण्ड भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, पर्यटन के विस्तार तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!