वन भूमि प्रकरण पर बोले डॉ. अग्रवाल—हजारों परिवारों के हितों की रक्षा के लिए जारी रहेंगे प्रयास।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के 20 बीघा, गली नंबर-2 स्थित केदारेश्वर मंदिर प्रांगण में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। मंदिर में जलाभिषेक के बाद डॉ. अग्रवाल ने मंदिर प्रांगण में फर्श निर्माण के लिए अपनी विधायक निधि से 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मोहनलाल चमोली ने केदारेश्वर मंदिर प्रांगण में विधायक निधि से टिन शेड निर्माण और जीर्णोद्धार के कार्य कराने के लिए डॉ. अग्रवाल का आभार जताया। इस पर डॉ. अग्रवाल ने मंदिर प्रांगण में फर्श निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का क्षेत्रीय लोगों ने स्वागत किया।
जनता मिलन कार्यक्रम में वन भूमि प्रकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बापू ग्राम, 20 बीघा, शिवाजी नगर सहित ऋषिकेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े इस मामले को लेकर वह लगातार प्रयासरत हैं। यह केवल भूमि का विषय नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और उनके आशियाने से जुड़ा मामला है।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे परिवारों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता को आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों के हित सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे, ताकि उन्हें अपने घरों से उजड़ने की चिंता न करनी पड़े।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पेयजल, सड़क और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने लोगों से क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर सीधा संवाद भी किया।
इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने विभिन्न विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने विकास कार्यों के लिए डॉ. अग्रवाल का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, प्रमिला त्रिवेदी, हेमलता चौहान, सुयश मिश्रा, मंजू गुसाई, परमेश्वरी देवी, सुशीला देवी, लक्ष्मी बड़ाकोटी, मंजू नौटियाल, विनोद चमोली, नरेंद्र सेमवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
