मुनि की रेती में 31 अक्टूबर से होगी राज्य स्तरीय अंडर-18 बालक खो-खो प्रतियोगिता

टिहरी गढ़वाल:- राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय उत्तराखंड एवं जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में खेल विभाग की ओर से 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक राज्य स्तरीय अनुसूचित जाति अंडर-18 बालक खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता श्री पूर्णानंद स्टेडियम, मुनि की रेती में होगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जनपदों की चयनित टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति से आयोजित की जाएगी। प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी और एक टीम मैनेजर सहित कुल 13 सदस्य शामिल होंगे। खिलाड़ियों की आयु की गणना 1 जुलाई 2008 के आधार पर की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी टीमों को 30 अक्टूबर की शाम तक श्री पूर्णानंद स्टेडियम, मुनि की रेती पहुंचना अनिवार्य है। प्रतिभागियों का उत्तराखंड का मूल निवासी अथवा स्थायी निवासी होना आवश्यक है। खिलाड़ियों को अपने साथ जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना होगा।

खिलाड़ियों को मिलेंगी सुविधाएं

खेल विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रतिभागी टीमों को आने-जाने का यात्रा भत्ता, भोजन भत्ता, निःशुल्क आवास और अन्य अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पर्वतीय क्षेत्रों से 200 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर आने वाली टीमों को नियमानुसार अतिरिक्त भोजन भत्ता भी दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों और टीम मैनेजर को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खो-खो प्रशिक्षक मनीष गिरी गोस्वामी से मोबाइल नंबर 9557814690 पर संपर्क किया जा सकता है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!