ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में पेयजल विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र में पेयजल लाइनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बजट के अभाव में रुके कार्यों को गति देने के लिए पेयजल सचिव रणवीर चौहान से फोन पर वार्ता कर आवश्यक बजट शीघ्र जारी करने को कहा।

बैठक में चक जोगीवाला, हरिपुर कला, भट्टोंवाला, गढ़ी मयचक, गुमानीवाला और साहब नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल लाइन बिछाने के अधूरे एवं रुके हुए कार्यों पर चर्चा की गई। डॉ. अग्रवाल ने इन कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

उन्होंने पेयजल सचिव से आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल लाइनों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक बजट शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरे हो सकें और स्थानीय निवासियों को बेहतर पेयजल सुविधाएं मिल सकें।

इसके साथ ही डॉ. अग्रवाल ने रायवाला एवं प्रतीत नगर क्षेत्र में बढ़े हुए पेयजल शुल्क को कम करने के संबंध में भी वार्ता की। उन्होंने कहा कि आमजन को पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना आवश्यक है और इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।

डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बजट के अभाव में लंबित कार्यों को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को समय पर पेयजल सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जलकल अभियंता अरुण रावत, अधिशासी अभियंता आरके राणा, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक मेहर, गोविंद मेहर, गणेश भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!