रुद्रप्रयाग:- दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, जखोली एवं ऊखीमठ बाजारों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 25 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। वहीं, ऊखीमठ क्षेत्र में एक मीट विक्रेता को कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) मनोज सेमवाल एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, होटल, रिटेलर, होलसेलर एवं डिस्ट्रीब्यूटर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, एक्सपायरी सामान की बिक्री तथा मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण एवं उपभोग की तिथि अंकित होने की जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापारियों के साथ नियमित बैठकें कर उन्हें खाद्य सुरक्षा से संबंधित नवीन प्रावधानों की जानकारी भी दी जा रही है। विभाग ने विशेष रूप से मिष्ठान विक्रेताओं को मिठाइयों की बिक्री वाली ट्रे पर निर्माण तिथि एवं उपभोग की अंतिम तिथि अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं रखने की हिदायत दी गई है।

निरीक्षण के दौरान सरसों का तेल, लड्डू, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, सूजी, दलिया, चीनी, पका हुआ चावल, पकी हुई दाल एवं सब्जियों सहित कुल 25 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, ऊखीमठ क्षेत्र में मीट विक्रेताओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सत्येंद्र यादव के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान एक मीट विक्रेता को अनियमितताओं के संबंध में कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया। साथ ही क्षेत्र के सभी मीट विक्रेताओं को नियमों का पालन करते हुए कारोबार करने की हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता एवं स्वच्छता से संबंधित अनियमितताओं के खिलाफ निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!