एक ही छत के नीचे मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं, मौके पर होगा जनसमस्याओं का निस्तारण।
देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार, 10 नवंबर को ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के चंद्रेश्वर नगर स्थित नगर रजत जयंती पार्क में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम प्रातः 11 बजे प्रस्तावित है। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन और स्वीकृति संबंधी कार्यवाही की जाएगी।
शिविर में समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग एवं किसान पेंशन के आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जाएंगे तथा जरूरतमंद दिव्यांग एवं बुजुर्गों को निःशुल्क सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों, किशोरियों और महिलाओं का चिह्नीकरण कर पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और किशोरी किट के लिए पंजीकरण एवं आवेदन की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। इसमें गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जांच, दवाइयां, टीकाकरण, पोषण एवं परिवार कल्याण संबंधी सेवाएं उपलब्ध होंगी। पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।
ग्राम्य विकास, पंचायत राज एवं कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूहों के गठन, प्रशिक्षण, विपणन, कृषि यंत्रों एवं बीज वितरण से संबंधित सेवाएं दी जाएंगी। सहकारिता, रेशम, मत्स्य एवं दुग्ध विभाग की ओर से खाद-बीज की उपलब्धता, समितियों की सदस्यता और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लिए पंजीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा विद्युत विभाग बिजली बिलों में सुधार, भुगतान और नए कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेगा। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल बिलों एवं नए कनेक्शन से संबंधित शिकायतों का निस्तारण होगा। लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई एवं पीएमजीएसवाई से संबंधित सड़क समस्याओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कार्ड बनाने एवं नवीनीकरण की सुविधा दी जाएगी, जबकि सेवायोजन विभाग रोजगार मेले और युवाओं की काउंसलिंग करेगा। शिक्षा विभाग विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर कार्रवाई करेगा।
लीड बैंक अधिकारी के माध्यम से वंचित परिवारों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ दिलाने के साथ स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा।
राजस्व विभाग द्वारा आधार कार्ड, आय, जाति, चरित्र एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा निर्विवाद उत्तराधिकार से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग राशन कार्डों का सत्यापन, संशोधन एवं नए राशन कार्ड बनाने की सुविधा देगा। वन विभाग और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान भी शिविर में किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सभी विभागों को अपने स्टॉल पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन मामलों में अतिरिक्त औपचारिकताओं की आवश्यकता होगी, उनमें विलंब का कारण स्पष्ट करते हुए आवेदक को जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इस बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
