जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं कर रहे व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग, श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता पर विशेष जोर। 

रुद्रप्रयाग:- विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर को विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धाम में विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

कपाट बंद होने के कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर परिसर से लेकर पैदल मार्ग तक साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों एवं पैदल मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वह संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कपाट बंद होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने का धार्मिक कार्यक्रम परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!