सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, विद्युत रोस्टिंग रोकने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र में चल रहे भूमिगत विद्युत लाइन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंभ मेले से संबंधित विद्युत कार्यों और नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन सब स्टेशन की स्थिति की भी समीक्षा की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई लोग इन सड़कों के कारण चोटिल भी हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को खोदी गई सड़कों को तत्काल समतल करने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा चेंबर निर्माण के बाद सड़क दुरुस्त करने की बात कहे जाने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।
उन्होंने बताया कि भूमिगत विद्युत लाइन परियोजना के तहत लगभग 50 ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ट्रांसफार्मर स्थापना वाले क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर लचीला व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न न हों।
विधायक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विद्युत रोस्टिंग नहीं होनी चाहिए और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही नए विद्युत कनेक्शन लेने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में बहुमंजिला निर्माणाधीन पार्किंग में विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त डॉ. अग्रवाल ने कुंभ निधि से विद्युत विभाग द्वारा प्रस्तावित एवं किए जाने वाले कार्यों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई ठेकेदार लापरवाही बरतता है या निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करता है, तो उसका काम तत्काल रुकवाकर उसे हटाने की कार्रवाई की जाए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सहायक अधिशासी अभियंता गुरदीप सिंह एवं सहायक अधिशासी अभियंता रुपेश उपस्थित रहे।
