अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखण्ड की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की दिखी झलक, सीएम धामी ने किया पवेलियन का शुभारंभ।

नई दिल्ली:-मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। ये उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रभावी मंच हैं। इससे प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित कर रही है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के माध्यम से उत्तराखण्ड के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से स्थानीय उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी तथा युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, विधायक श्री भरत सिंह चौधरी, सचिव श्री विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!