हिमालय की गोद में छिपा रोमांच, पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा पंवाली कांठा।
टिहरी गढ़वाल:- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में स्थित पंवाली कांठा बुग्याल अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचक ट्रैकिंग अनुभव के चलते पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। समुद्र तल से करीब 3,368 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह क्षेत्र मखमली घास के मैदानों, बर्फ से ढकी हिमालयी चोटियों, घने जंगलों और रंग-बिरंगे जंगली फूलों के लिए प्रसिद्ध है। प्रकृति प्रेमियों और ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए यह एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनने की क्षमता रखता है।
घनसाली क्षेत्र से शुरू होने वाला पंवाली कांठा ट्रैक मेंडू सिंदवाल गांव और माटिया बुग्याल जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरता है। इस दौरान पर्यटकों को घने जंगलों, प्राकृतिक झरनों, छोटे तालाबों और विशाल बुग्यालों का मनमोहक नजारा देखने को मिलता है। ऊंचाई बढ़ने के साथ हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का विहंगम दृश्य इस यात्रा को और भी यादगार बना देता है।
सीडीओ ने किया ट्रैकिंग, पर्यटन संभावनाओं का लिया जायजा:- पंवाली कांठा की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को करीब से समझने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने हाल ही में यहां ट्रैकिंग की। उनके साथ खंड विकास अधिकारी, भिलंगना विपिन भी मौजूद रहे। ट्रैकिंग के प्रति विशेष रुचि रखने वाले बीडीओ विपिन क्षेत्र के प्राकृतिक एवं कम चर्चित ट्रैकिंग स्थलों को पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
10 लाख रुपये से पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा:- पंवाली कांठा में पर्यटन विकास के साथ स्थानीय ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि ग्रामोत्थान योजना के अंतर्गत स्थानीय घंटाकर्ण स्वयं सहायता समूह को ट्रैकिंग एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।
समूह की ओर से ट्रैकिंग टीम का गठन, आवश्यक प्रशिक्षण और उपकरणों की व्यवस्था कर कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पहल से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को गाइड सेवा, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और अन्य पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
मेंडू सिंदवाल गांव को पर्यटन ग्राम बनाने की तैयारी:- सीडीओ ने बताया कि आगामी चरण में मेंडू सिंदवाल गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके लिए पर्यटकों की जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करना है।
पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा पर्यटन विकास:- प्रशासन का जोर पंवाली कांठा में जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने पर है। बुग्यालों की प्राकृतिक सुंदरता, जलस्रोतों, वनस्पतियों और स्थानीय पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। अधिक ऊंचाई और बदलते मौसम को देखते हुए ट्रैकिंग के दौरान प्रशिक्षित गाइड, उचित शारीरिक तैयारी और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होगी।
स्थानीय सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के साथ विकसित होने पर पंवाली कांठा आने वाले समय में टिहरी गढ़वाल के प्रमुख पर्यटन एवं ट्रैकिंग स्थलों में अपनी पहचान बना सकता है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आसपास के गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
