ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नए अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम का उद्घाटन, ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ का शुभारंभ।
भीमताल/देहरादून, 04 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित अकादमिक ब्लॉक एवं आधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ के तहत निःशुल्क प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों का शुभारंभ किया तथा मेधावी छात्र-छात्राओं और छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए यह अवसर विशेष महत्व का है क्योंकि उत्तराखण्ड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। मुख्यमंत्री ने ग्राफिक एरा की शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने यह साबित किया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से उत्तराखण्ड भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया अकादमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को नई गति देगा। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए भीमताल परिसर की स्थापना को संतुलित एवं समावेशी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुमाऊँ मंडल में ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार और शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। इसके साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसे संस्थानों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक दौर में वही युवा सफल होगा जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और नई परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने का साहस रखेगा। उन्होंने युवाओं से केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड के युवाओं को रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को सुरक्षित रखने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
कार्यक्रम के दौरान धामी सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन प्रो. कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर सहित जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
