देहरादून में मुख्यमंत्री धामी ने किया रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की विजय का दिया संदेश।

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हिंदू नेशनल कॉलेज, देहरादून में आयोजित रावण दहन एवं दशहरा मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। उनके आदर्श परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक मेल-जोल और जनसहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। पl

इस दौरान मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाकर ही पर्वों के संदेश को सार्थक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!