देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगामी उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। नितिन नबीन का हल्द्वानी में कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके दौरे से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए हल्द्वानी के हालिया विवाद को लेकर जवाब देने और जनता से माफी मांगने की मांग की है।

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जात-पात के नाम पर प्रदेश के सामाजिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर रही है।

कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा को सबसे पहले हल्द्वानी की जनता के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न जातियों के बीच लंबे समय से कायम आपसी भाईचारे और सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी भाजपा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा को इन मुद्दों पर जनता के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

नितिन नबीन के हल्द्वानी दौरे से पहले कांग्रेस के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के आसार हैं।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!