प्रकृति और रोमांच का संगम बनेगा पार्क, बच्चों के झूले, ओपन जिम और कैफे सहित आधुनिक सुविधाएं होंगी विकसित।
पौड़ी :- जनपद मुख्यालय पौड़ी में इको एडवेंचर पार्क को साहसिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिला योजना के माध्यम से संचालित इस परियोजना के तहत पार्क में साहसिक गतिविधियों के साथ पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए आधुनिक जनसुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि इको एडवेंचर पार्क को प्रकृति और रोमांच के संगम के रूप में विकसित किया जाए, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को आकर्षक एवं रोमांचक अनुभव मिल सके। उन्होंने पार्क में बच्चों के मनोरंजन, परिवारों के लिए सुविधाजनक वातावरण और पर्यटकों की आवश्यकताओं के अनुरूप जनसुविधाएं विकसित करने पर विशेष जोर दिया। इससे पौड़ी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे।
दो सप्ताह में पूरा होगा टिकट काउंटर का निर्माण:- निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्किंग के नीचे निर्माणाधीन टिकट काउंटर का कार्य दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में बैठने के लिए बेंच लगाने, खाली स्थानों पर फूल-पौधे विकसित करने तथा वृक्षों को आकर्षक रंगों से सजाने को कहा। इसके अलावा रास्तों पर रंग-रोगन, रेलिंग लगाने, चहारदीवारी पर सुरक्षा की दृष्टि से कांटेदार तार लगाने और आवश्यक स्थानों पर साइनेज स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके।
पार्क परिसर में निर्माणाधीन कैफे का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने दीवारों और फर्श को टिकाऊ बनाने तथा सीलन से बचाव के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने कैफे में लकड़ी का फर्नीचर लगाने और उसकी साज-सज्जा आकर्षक बनाने के निर्देश दिए, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।
सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित होंगी साहसिक गतिविधियां:- पार्क में प्रस्तावित एडवेंचर गतिविधियों के सुरक्षित संचालन को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारियों को पौड़ी एवं पालकोट स्थित इको एडवेंचर पार्कों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल लगाने और विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को भी कहा, ताकि गतिविधियों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा सके।
जिलाधिकारी ने पार्किंग सुविधा को बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने और संबंधित निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, जिससे पार्क को जल्द संचालन के लिए तैयार किया जा सके।
बच्चों के झूले और ओपन जिम भी होंगे स्थापित:- पार्क परिसर में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने बच्चों के झूले लगाने और ओपन जिम के उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिनका लाभ पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिक और परिवार भी उठा सकें। इससे पार्क केवल साहसिक पर्यटन तक सीमित न रहकर स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और नियमित गतिविधियों का केंद्र भी बन सकेगा।
इको एडवेंचर पार्क की यह पहल पौड़ी में पर्यटन को नई पहचान देने के साथ ही प्रकृति के बीच मनोरंजन और रोमांच का अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पार्क के तैयार होने के बाद पर्यटकों को आकर्षित करने और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत, पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी, संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता वीबीजीरामजी उपेंद्र शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
