• अजय चौहान और अजू तोमर की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कलाकारों को किया सम्मानित।
  • महिला वॉलीबॉल में राजस्थान पुलिस बनी चैंपियन, मनी क्लब को हराकर जीता खिताब।
  • विजेता टीम को 1.01 लाख और उपविजेता को 51 हजार रुपये की धनराशि व ट्रॉफी देकर किया सम्मानित।

टिहरी गढ़वाल:- ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या हास्य और पहाड़ी लोकगीतों के नाम रही। नरेंद्रनगर के मुख्य मेला मैदान में आयोजित स्टार नाइट में प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया। वहीं, लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर के लोकप्रिय गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल और नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों ने कलाकारों को पहाड़ी टोपी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

सांस्कृतिक संध्या का आगाज सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की हास्य प्रस्तुतियों से हुआ। दोनों कलाकारों ने अपने चुटीले अंदाज, मजेदार संवादों और शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान मेला मैदान ठहाकों से गूंज उठा।

इसके बाद लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर ने मंच संभाला। दोनों गायकों ने ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’, ‘शिलॉन्ग लागा मेला’, ‘लड़की सुहाणी’, ‘झुमके झुमके’ और ‘नाटी किंग’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। कलाकारों ने दर्शकों के बीच पहुंचकर भी प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ी गीतों की धुनों पर युवा समेत तमाम दर्शक देर रात तक थिरकते रहे।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, प्रकाश चंद्र रमोला, महेश गोसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता देवी, विनीता देवी और पार्वती नौटियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

महिला वॉलीबॉल में राजस्थान पुलिस ने मारी बाजी, मनी क्लब को सीधे सेटों में हराया

नरेंद्रनगर। मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के तहत आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में राजस्थान पुलिस ने मनी क्लब को सीधे सेटों में 25-18 और 25-12 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल मुकाबले में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता राजस्थान पुलिस की टीम को 1,01,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता मनी क्लब की टीम को 51,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।

प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए खेल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जुटे। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और रोमांचक मुकाबले का आनंद लिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!