खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश। WWW.JANSWAR.COM

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा को लेकर अभियान तेज, कोटद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैंपलिंग।

पौड़ी:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विभागीय टीम द्वारा कोटद्वार क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य वस्तुओं के नमूने एकत्र किए गए।

अभियान के दौरान खाद्य वस्तुओं के 10 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मिठाई निर्माताओं एवं अन्य खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री के विक्रय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी सी जोशी ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।