मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना: 4.39 करोड़ रुपये की सहायता राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर।
जनस्वर न्यूज़ | देहरादून | 7 जुलाई उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थी बच्चों के खातों में 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जारी की है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने कैंप कार्यालय से तीन माह की सहायता राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो चुके बेसहारा बच्चों को राज्य सरकार इस योजना के तहत प्रति माह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। मार्च 2026 तक की धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी थी।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1.47 करोड़ रुपये, मई 2026 के लिए 4,879 लाभार्थियों को 1.46 करोड़ रुपये तथा जून 2026 के लिए 4,848 लाभार्थियों को 1.45 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से जारी किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूरी होने, बालिका लाभार्थी के विवाह या रोजगार प्राप्त करने के बाद संबंधित लाभार्थी योजना से बाहर हो जाता है।
इस अवसर पर निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
