बैठक में डॉ. अग्रवाल ने वर्ष 2021 से 2024 के बीच पेरी अर्बन पेयजल योजना के तहत कराए गए कार्यों से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़कों के सुधार एवं पुनर्निर्माण के लिए जल संस्थान की ओर से नगर निगम को 13 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है।
सड़कों का निर्माण लंबित रहने पर डॉ. अग्रवाल ने नगर आयुक्त के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बदहाल सड़कों के कारण क्षेत्रीय जनता को पिछले कई वर्षों से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण कार्य में देरी होना गंभीर विषय है।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सड़कों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस पर नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला ने आश्वस्त किया कि संबंधित क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण जल्द कराया जाएगा।
बैठक में जलकल अभियंता अरुण रावत, अधिशासी अभियंता आर.के. राणा एवं नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला मौजूद रहे।
डॉ. अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि नगर निगम अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे बापू ग्राम, शिवाजी नगर, मालवीय नगर, गीता नगर सहित संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को राहत मिल सकेगी।
