त्योहारों से पहले सड़क पर पेचवर्क कराने के अधिकारियों को दिए निर्देश।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुमानीवाला में सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाली कैनाल रोड का अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की जर्जर हालत पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आगामी त्योहारों को देखते हुए ग्रामीणों से समन्वय बनाकर जल्द से जल्द सड़क पर पेचवर्क कराने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि कुछ समय पहले ही निर्मित इस सड़क की वर्तमान स्थिति संतोषजनक नहीं है। इतनी कम अवधि में सड़क का खराब होना गंभीर विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय निवासियों एवं अन्य राहगीरों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की गुणवत्ता और आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि जनता को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनहित से जुड़े कार्यों में तत्परता बरतने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुरेंद्र श्रीकोटी, कनिष्ठ अभियंता संजीव चौहान, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, गोविंद सिंह महर, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, भाजपा नेता मानवेंद्र कंडारी, गणेश भट्ट, अभिलाषा बहुगुणा, संदीप कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
