पौड़ी में आयोजित गोष्ठी में महिला किसानों ने साझा किए खेती-किसानी के अनुभव, एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने पर जोर।
पौड़ी:- अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ष 2026 के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड पौड़ी के सभागार में महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौड़ी, कोट, पाबौ और खिर्सू विकासखंडों की 82 प्रगतिशील महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने महिला किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कृषि की विभिन्न गतिविधियों को आपस में जोड़कर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने महिलाओं से आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया।
मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने महिला कृषकों का स्वागत करते हुए कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाएं अपनी मेहनत और अनुभव के माध्यम से न केवल परिवार की आजीविका को मजबूत बना रही हैं, बल्कि कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर खेती-किसानी को और अधिक लाभकारी बनाने की अपील की।
गोष्ठी के दौरान प्रगतिशील महिला कृषक सुषमा देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता देवी, माहेश्वरी देवी, चंपा देवी और बीना देवी ने कृषि कार्यों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने खेती के दौरान अपनाई जा रही तकनीकों, कृषि गतिविधियों और अपने अनुभवों के बारे में अन्य महिला कृषकों को जानकारी दी। इस संवाद के माध्यम से महिला किसानों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और कृषि कार्यों में बेहतर तरीके अपनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, उप परियोजना निदेशक आत्मा रवि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कृषक उपस्थित रहे।
