शिक्षिका की संदिग्ध मौत, मौत से पहले वीडियो ने बढ़ाई जांच की गंभीरता। WWW.JANSWAR.COM

सचिवालय में तैनात पति समेत तीन पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, शादी के आठ महीने बाद शिक्षिका की संदिग्ध मौत।

देहरादून:- टिहरी जिले में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की शादी के महज आठ महीने बाद हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात उनके पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज किया है। मामला डोईवाला थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में देहरादून निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सृष्टि वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज रिगोली (मल्ली), विकासखंड कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं।

मौत से पहले वीडियो में बयां की पीड़ा:- बताया जा रहा है कि 29 जुलाई को सृष्टि ने अपनी मृत्यु से पहले एक वीडियो बनाकर कथित तौर पर ससुराल पक्ष द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया। वीडियो बनाने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष उन्हें कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मां ने लगाए गंभीर आरोप:- मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट (पौड़ी गढ़वाल), ने हर्रावाला पुलिस चौकी में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि सृष्टि को “मनहूस” कहकर अपमानित किया जाता था और परिवार में होने वाली अशुभ घटनाओं के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी कई बार फोन पर अपनी पीड़ा साझा कर चुकी थी। सीमा कंडारी का आरोप है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या की गई और इस घटना में पति, सास, ननद तथा अन्य ससुराल पक्ष के लोगों की भूमिका है।

दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज:- पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच नामित विवेचक को सौंप दी गई है।

29 जुलाई की रात पोस्टमार्टम के बाद 30 जुलाई की दोपहर हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट में सृष्टि का अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य:- डोईवाला थाना प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतका की मां के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

यह मामला जांच के अधीन है। मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही आरोपों की पुष्टि होगी।