विधायक राजकुमार पोरी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने किया उद्घाटन, प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम।

पौड़ी:- जनपद मुख्यालय पौड़ी के कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उत्साह और उमंग के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। इसके बाद विधायक और मुख्य विकास अधिकारी ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों के कोर्ट में उतरने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, जीआईसी पौड़ी एवं हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया। प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यालयी स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुभव प्राप्त करने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने प्रदर्शन से जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। खेलों से बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है तथा वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करना सीखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन खेल भावना के साथ खेलना, प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना और प्रत्येक मुकाबले से सीख लेना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्य किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, अपर शिक्षा निदेशक प्रमेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, राज्य खेल समन्वयक डॉ. हीरा सिंह बिष्ट, जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी, डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बालेश्वर प्रसाद, जिला स्काउट सचिव केसर सिंह असवाल, जिला क्रीड़ा सह समन्वयक राजीव रावत, मृदुला जुगरान, वर्षा कंडारी, जयकृत भंडारी, मनोहर चमोली ‘मनु’ एवं जयदीप रावत सहित विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी, शिक्षक, कोच और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!