गजा घण्टाकर्ण महोत्सव में मुख्यमंत्री ने संस्कृति संरक्षण और विकास का दिया संदेश। WWW.JANSWAR.COM

मुख्यमंत्री ने गजा क्षेत्र को विकास योजनाओं की दी सौगात, लोक संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर।

टिहरी:- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अटल उत्कृष्ट रा.इ.का. गजा, टिहरी गढ़वाल पहुंचकर “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री द्वारा गजा में स्थित घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा अर्चना की गई तथा चौराहे पर बनी राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। उन्होंने क्षेत्रीय देवता से देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए सभी को महोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही समस्त देश एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि गजा आगमन पर माताओं एवं बहनों द्वारा तिलक लगाकर किए गए आत्मीय स्वागत के लिए वे सभी को हाथ जोड़कर प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि केदारखंड में घंटाकर्ण मंदिर का विशेष उल्लेख मिलता है और यह भूमि सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने बहुत शानदार प्रस्तुति दी है। उन्होंने कहा कि गजा निरंतर एक विराट स्वरूप ले रहा है और इसका विस्तार तेजी से हो रहा है। इस बार का पूरा आयोजन पहले की अपेक्षा और भी बेहतर दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। हमारी लोक संस्कृति ही हमारी मूल पहचान है। उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और खान-पान की अपनी एक अलग पहचान है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चाहे अयोध्या राम मंदिर का निर्माण हो, काशी विश्वनाथ हो या महाकालेश्वर कॉरिडोर में हुए विकास कार्य—देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उत्तराखंड को विश्व मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला, मिनी स्टेडियम, क्रिकेट छात्रावास एवं विभिन्न पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य हुए है और कुछ प्रगति पर है। स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य सभी क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके तथा सभी को बेहतर शिक्षा, रोजगार और आजीविका के अवसर प्राप्त हों।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार होमस्टे, वेडिंग डेस्टिनेशन, हाउस ऑफ हिमालय जैसी योजनाओं को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कई कठोर एवं जनहितकारी निर्णय भी लिए हैं। राज्य में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में नई पहचान दिलाई जाएगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने गजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाना है और विकास कार्य जनसहभागिता से निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी द्वारा गजा क्षेत्र को अनेक विकास योजनाओं की सौगात दी गई है, जिसके लिए क्षेत्रवासी उनके आभारी हैं।

इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीत/लोककलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नाटक की सुन्दर प्रस्तुति तथा झांकियों का सुन्दर प्रर्दशन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाये गये, जिनके माध्यम से लोगों को जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, ब्लाक प्रमुख नरेन्द्रनगर दीक्षा राणा, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभना धनौला, नगर पंचायत अध्यक्ष मुनि की रेती विनीता बिष्ट, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मीना खाती, हुकुम सिंह भंडारी, जसवंत सिंह, खेमे घ चौहान, मंच संचालक राजेश रावत, सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषणाएं:

1-घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोप वे का निर्माण।
2-नगर पंचायत गजा क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक मार्गों का निर्माण।
3-गजा मैदान का विस्तारीकरण एवं मंच निर्माण।
4-शहीद श्री विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटैक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति।
5-पर्यटन की दृष्टि से कोटेश्वर झील का विकास।
6-डांडाचली में इकोपार्क का निर्माण।
7-पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी (भरपूर), मन्दिरों का सौंदर्याकरण ।
8-दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गाँव मोटर मार्ग की स्वीकृति।
9-रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग की स्वीकृति।
10- चाका महिला अस्पताल का PHC में परिवर्तन एवं उच्चीकरण।
11- चाका में सामुदायिक भवन का सुदृढ़ीकरण।
12- राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गाँव का इंटर स्तर पर उच्चीकरण।
13- नरेन्द्रनगर महाविद्यालय का पीजी स्तर पर उच्चीकरण।
14- गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, एवं जल निगम तहसील स्तरीय कार्यक्रमों की स्वीकृति।
15- हेंवल नदी में झील का निर्माण।
16- गजा बगीद के 33 KV सवस्टेशन की स्वीकृती