छात्राओं से आत्मीय संवाद कर जानी पढ़ाई-लिखाई व सुविधाओं की स्थिति, शौचालय मरम्मत, रंगरोगन और जल निकासी के कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश।

पौड़ी:- जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, तिरपालीसैंण का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। जिलाधिकारी के विद्यालय पहुंचने पर छात्राएं उत्साह से भर उठीं और उन्होंने उनका आत्मीयता से स्वागत किया। जिलाधिकारी ने भी छात्राओं से सहज एवं आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, दैनिक दिनचर्या और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने छात्राओं के रहने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, भोजन, स्वच्छता सहित विद्यालय की अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से उनके दैनिक जीवन, पढ़ाई, भोजन तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके सुझाव भी सुने।

जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में शौचालय की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय भवन के रंगरोगन के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने को कहा, ताकि आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से कराया जा सके।

विद्यालय परिसर में जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने नाली निर्माण एवं सुधार से संबंधित प्रस्ताव भी तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

छात्राओं ने जिलाधिकारी से संवाद के दौरान उत्साहपूर्वक अपनी बातें साझा कीं और विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, खंड शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार, विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा गौड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!