भगवान रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर पहुंची, छह माह यहीं होगी पूजा-अर्चना।

गोपेश्वर/चमोली:- चमोली जनपद में चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली आज विधि-विधान के साथ उनके शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर में विराजमान हो गई। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान रुद्रनाथ जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि रुद्रनाथ धाम के कपाट शनिवार देर शाम शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। कपाट बंद होने के बाद भगवान रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली पैदल यात्रा करते हुए आज गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर पहुंची। यहां पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ढोल-दमाऊं की गूंज और भजन-कीर्तन के बीच डोली का भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

छह माह तक गोपीनाथ मंदिर में होगी पूजा-अर्चना

शीतकाल के दौरान आगामी छह माह तक भगवान रुद्रनाथ जी की नियमित पूजा-अर्चना गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में ही संपन्न होगी। श्रद्धालु अब शीतकाल में यहीं भगवान के दर्शन कर सकेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

इस वर्ष यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुद्रनाथ धाम पहुंचे और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल पहुंचने के साथ ही रुद्रनाथ धाम की शीतकालीन धार्मिक परंपराओं का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!