प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बच्चों ने सीखी पक्षियों की पहचान, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार का मिला संदेश।

पौड़ी:- राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यटन विभाग द्वारा विकासखंड खिर्सू के आसपास के जंगलों में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों सहित कुल 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध बर्ड वाॅचर अजय शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की पक्षियों की पहचान, उनके आवास (हैबिटेट) और व्यवहार के आधार पर पहचान करने की जानकारी दी। बच्चों ने दूरबीन के माध्यम से पक्षियों को निहारा और उनकी आवाज, रंग और उड़ान शैली को समझने का प्रयास किया। इस दौरान स्कूली बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बर्ड वाॅचर ने बताया कि उत्तराखण्ड के जंगल जैव विविधता से समृद्ध हैं और यहां देश-विदेश से पक्षी प्रेमी बड़ी संख्या में आते हैं। यदि स्थानीय लोग पक्षियों की जानकारी प्राप्त करें, तो वे आने वाले पर्यटकों को पक्षियों की पहचान कराते हुए रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण और संवर्धन सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं में प्रकृति के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ ईको-टूरिज्म और स्वरोजगार को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग आगे भी इस तरह की गतिविधियाँ आयोजित करता रहेगा ताकि पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहल से बच्चों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के साथ-साथ राज्य के पर्यटन विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षक, छात्र, स्थानीय लोग और अन्य अधिकारी तथा कार्मिक उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!